छत्तीसगढ़

संगठन विस्तार को लेकर बड़ा फैसला नवागढ़ बैठक में बनी नई रणनीति

       नवागढ़। सतनाम भवन नवागढ़ में प्रगतिशील सतनामी समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार, सामाजिक उत्थान एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु घासीदास बाबा जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

       बैठक में अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नवागढ़ ब्लॉक के विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। सर्वसम्मति से लोचन कौशल को प्रगतिशील सतनामी समाज नवागढ़ ब्लॉक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के युवा सामाजिक कार्यकर्ता नारायण घृतलहरे को युवा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया।

       नवनियुक्त पदाधिकारियों का समाजजनों द्वारा पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान वक्ताओं ने शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता, संगठनात्मक एकता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को समाज की प्रगति के लिए आवश्यक बताया।

       बैठक में उपस्थित वरिष्ठ समाजजनों ने कहा कि प्रगतिशील सतनामी समाज समाजहित, जनकल्याण और सामाजिक विकास के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई नियुक्तियों से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा समाज के विकास और सशक्तिकरण की दिशा में और प्रभावी कार्य किए जा सकेंगे।

       कार्यक्रम के दौरान समाज की एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। साथ ही आगामी सामाजिक गतिविधियों और जनहितकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। अंत में समाज के विकास, संगठन की मजबूती और जनकल्याण के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker