छत्तीसगढ़

विरासत की खुशबू, विकास की नई उड़ान; राज्योत्सव में विद्यार्थियों ने जाना छत्तीसगढ़

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा, नवाचार और प्रदेश की उपलब्धियों को करीब से जाना

राज्योत्सव विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अनुभव और रचनात्मक पत्रकारिता का महत्वपूर्ण अवसर-कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल

       रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित प्रदर्शनी में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण कर प्रदेश की विकास यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और शासन की योजनाओं, शैक्षणिक नवाचारों तथा आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाओं के बारे में जाना। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने उच्च शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, शैक्षणिक नवाचारों तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों की उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रदर्शनी में उपलब्ध जानकारियों का अध्ययन करने और उन्हें अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।

       कुलपति प्रो. दयाल ने कहा कि राज्योत्सव केवल उत्सव और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और उपलब्धियों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। यहां विद्यार्थियों को समाज, संस्कृति, प्रशासन, विकास और जनसंचार के विभिन्न आयामों को प्रत्यक्ष रूप से जानने और समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए ऐसे आयोजन विशेष रूप से उपयोगी हैं, क्योंकि इससे उनकी अवलोकन क्षमता, विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण और रचनात्मक अभिव्यक्ति को नई दिशा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक भ्रमण के अनुभवों को अपने अध्ययन, शोध और रचनात्मक पत्रकारिता से जोड़ने का आह्वान किया।

       विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है। इससे उनका ज्ञान, दृष्टिकोण और व्यावसायिक समझ व्यापक होती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता ने कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल का स्वागत किया तथा प्रदर्शनी में उच्च शिक्षा से संबंधित गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।

       शैक्षणिक भ्रमण के दौरान श्रीमती लीली दयाल, विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेंद्र कुमार शर्मा, अतिथि शिक्षक डॉ. कपिल देव प्रजापति, डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, श्री जीतेन्द्र श्रीवास सहित विश्वविद्यालय के कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker